Friday , October 16 2026

सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट

सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट

मुंबई, 16 अक्टूबर घरेलू शेयर बाजार सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और पिछले कारोबारी सत्र में चार प्रतिशत की तेजी के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में गिरावट से शुरुआती कारोबार में बाजार पर दबाव बढ़ा। हालांकि, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयर में मजबूत लिवाली ने बाजार की गिरावट को काफी हद तक सीमित रखा।

बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 113 अंक की गिरावट के साथ 74,187 अंक पर जबकि एनएसई का 50 शेयर वाला निफ्टी 27.20 अंक टूटकर 22,967.15 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टुब्रो, एशियन पेंट्स और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही।

आईटी सेवा कंपनी टेक महिंद्रा के शेयर में पांच प्रतिशत की तेजी आई। कंपनी के वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफे में 32.74 प्रतिशत की वृद्धि की जानकारी देने के बाद उसका शेयर चढ़ा।

वहीं इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल और टाइटन के शेयर भी बढ़त में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 5,285.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.61 प्रतिशत फिसलकर 105.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1,533.72 अंक यानी 2.11 प्रतिशत उछलकर और निफ्टी 374.65 अंक यानी 1.66 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ था।

सियासी मियार की रीपोर्ट