Monday , October 19 2026

जैकी श्रॉफ ने ताजा की पुरानी यादें, ‘तेरी मेहरबानियां’ के 41 और ‘रिटर्न ऑफ ज्वेल थीफ’ के 30 साल पूरे

जैकी श्रॉफ ने ताजा की पुरानी यादें, ‘तेरी मेहरबानियां’ के 41 और ‘रिटर्न ऑफ ज्वेल थीफ’ के 30 साल पूरे

मुंबई, 18 अक्टूबर । एक्टर जैकी श्रॉफ अपने करियर में कई ऐसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जिन्हें आज भी दर्शक याद करते हैं। इस कड़ी में उन्होंने अपनी दो पुरानी फिल्मों के खास पड़ाव पर पुरानी यादें ताजा की। जैकी ने अपनी फिल्म ‘तेरी मेहरबानियां’ के 41 साल और दिवंगत एक्टर देव आनंद की फिल्म ‘रिटर्न ऑफ ज्वेल थीफ’ के 30 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किए।

उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर दोनों फिल्मों के पोस्टर और तस्वीरें शेयर करते हुए इन फिल्मों से जुड़ी यादों को फिर से ताजा किया।

जैकी श्रॉफ ने सबसे पहले साल 1985 में रिलीज हुई फिल्म ‘तेरी मेहरबानियां’ का पोस्टर शेयर किया। विजय रेड्डी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में जैकी के साथ पूनम ढिल्लों भी लीड रोल में थीं। फिल्म में ब्राउनी नाम का एक कुत्ता भी नजर आया था, जो कहानी का अहम हिस्सा था। जैकी ने पोस्टर के साथ लिखा, ‘तेरी मेहरबानियां के 41 साल पूरे होने का जश्न।’

बता दें कि ‘तेरी मेहरबानियां’ अपने दौर की चर्चित फिल्मों में शामिल रही है। यह फिल्म डायरेक्टर विजय रेड्डी की साल 1984 में आई कन्नड़ फिल्म ‘थालिया भाग्य’ का रीमेक थी। कन्नड़ फिल्म में शंकर नाग ने लीड रोल निभाया था। इसकी कहानी को तेलुगु में ‘नम्मिना बंटू’, मलयालम में ‘इथेंटे नीति’ और तमिल में ‘नंद्री’ नाम से भी बनाया गया था।

इसके बाद जैकी श्रॉफ ने फिल्म ‘रिटर्न ऑफ ज्वेल थीफ’ से जुड़ी एक तस्वीर शेयर की। इसमें वह देव आनंद के साथ नजर आए। साल 1996 में रिलीज हुई इस फिल्म के 30 साल पूरे होने पर जैकी ने लिखा, ‘रिटर्न ऑफ ज्वेल थीफ के 30 साल पूरे होने का जश्न।’ इस पोस्ट के जरिए उन्होंने फिल्म और देव आनंद के साथ बिताए पलों को याद किया।

‘रिटर्न ऑफ ज्वेल थीफ’ की बात करें तो, यह एक क्राइम-एक्शन थ्रिलर फिल्म थी, जिसे अशोक त्यागी ने डायरेक्ट किया था। यह साल 1967 में आई फिल्म ‘ज्वेल थीफ’ का सीक्वल थी। पहली फिल्म में अशोक कुमार और देव आनंद ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। सीक्वल में दोनों कलाकार अपने पुराने किरदारों में लौटे थे।

फिल्म की स्टारकास्ट में धर्मेंद्र, जैकी श्रॉफ, शिल्पा शिरोडकर, अनु अग्रवाल और मधु भी शामिल थे। हालांकि, पहली फिल्म के मुकाबले ‘रिटर्न ऑफ ज्वेल थीफ’ बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। यह अनु अग्रवाल की आखिरी रिलीज फिल्म भी थी।

सियासी मियार की रीपोर्ट