Monday , September 23 2024

दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई कल्याणकारी कदम उठाए गए: केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह..

दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई कल्याणकारी कदम उठाए गए: केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह..

सामाजिक संस्था सक्षम की पहल दिव्यांग महासम्मेलन आयोजित

केन्द्रीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार विज्ञान और प्रौद्योगिकी डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार उन लोगों को समर्पित है, जो पिछली सरकारों में मुख्यधारा से बाहर रह हो गए थे।

रविवार को मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सामाजिक संस्था सक्षम की पहल पर यहां आयोजित दिव्यांग परिवार महासम्मेलन में संबोधित कर रहे थे। डॉ. सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में जिस दिन से शपथ ली है, उसी दिन से दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई कल्याणकारी कदम उठाए हैं। जिसमें सिविल सेवा परीक्षा में दिव्यांगों के लिए शुल्क में छूट, सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले दिव्यांगों के लिए होम कैडर के दो विकल्प, दिव्यांगों के लिए आरक्षण को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत करना, दिव्यांग पेंशन में वृद्धि आदि कदम सरकार ने उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार दिव्यांगों के कल्याण के लिए है।

डॉ. सिंह ने कहा कि दिव्यांगों के लिए 15 हजार पद जो पहले भरे नहीं गए थे, सरकार ने एक विशेष अभियान के तहत भरे गए, जो केवल मोदी के नेतृत्व में ही संभव था। उन्होंने ही सुझाव दिया था कि दिव्यांग शब्द विकलांग के स्थान पर प्रयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में विकास के मामले में अन्य सभी विकसित देशों को पीछे छोड़कर भारत को शीर्ष पर पहुंचाने के लिए दिव्यांगों को नहीं छोड़ा जा सकता है, उन्हें भी अगले पच्चीस वर्ष तक देश के राष्ट्रीय विकास में योगदान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संकल्प से सिद्धि की वर्षों की यात्रा सुनहरे शब्दों में लिखा जाएगा।

डॉ. सिंह ने कहा कि इस सरकार ने एक हजार छह सौ से अधिक अप्रचलित और पुराने कानूनों को निरस्त कर दिया है, जो देश के विकास में एक बड़ी बाधा थे। सिंह ने कहा कि फेस रिकॉग्निशन टेक्नोलॉजी का उपयोग कर पेंशनरों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रदान करना पेंशनरों की सुविधा के लिए सरकार के उठाए गए कठोर कदमों में से एक है, जो पहले अपनी पेंशन जारी रखने के संबंध में कई असुविधाओं का सामना कर रहे थे।

कार्यक्रम में डॉ सिंह ने 2025 तक मोदी के टीबी मुक्त भारत के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए 10 टीबी रोगियों के बीच किट वितरित किए। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर बैंक के एमडी और सीईओ बलदेव प्रकाश ने केंद्रीय मंत्री सिंह की उपस्थिति में कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत सक्षम को एक सौ व्हीलचेयर और एक सौ विशेष ट्राइसाइकिल का योगदान दिया। महा-सम्मेलन में बड़ी संख्या में दिव्यांगों के अलावा राष्ट्रीय संयुक्त सचिव, सक्षम अनुराग कुमार, सक्षम जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष अभय परगाल, डीडीसी के उपाध्यक्ष और कार्यकारी सदस्य सक्षम, रघुनंदन सिंह बबलू, उपायुक्त कठुआ राहुल पांडे और एसएसपी कठुआ आर सी कोतवाल सहित कई गण्मान्य लोग उपस्थित रहे।

सियासी मियार की रिपोर्ट