Monday , September 23 2024

इंग्लैंड के सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोरर बने हैरी केन, वेन रूनी को छोड़ा पीछे..

इंग्लैंड के सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोरर बने हैरी केन, वेन रूनी को छोड़ा पीछे..

नेपल्स, 24 मार्च । स्टार फुटबॉलर हैरी केन पुरुष फुटबॉल में इंग्लैंड के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर बन गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को यूरो 2024 क्वालीफायर में इटली के खिलाफ एक गोल कर वेन रूनी को पीछे छोड़ दिया है। हैरी केन के रिकॉर्ड तोड़ गोल की बदौलत यूरो 2024 क्वालीफायर दौर में 10 खिलाड़ियों की इंग्लिश टीम ने इटली को 2-1 से हरा दिया।

अपने 81वीं अंतरराष्ट्रीय मैच में गोल कर केन ने पूर्व कप्तान वेन रूनी के 53 गोल को पीछे छोड़ दिया। केन के नाम अब 54 गोल हैं। फरवरी में टोटेनहैम के शीर्ष स्कोरर बनने के बाद केन ने क्लब स्तर पर जिमी ग्रीव्स के 266 गोलों के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

29 वर्षीय केन ने मार्च 2015 में लिथुआनिया के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल किया। उन्हें रूस में आयोजित 2018 विश्व कप से पहले टीम का कप्तान नामित किया गया था, जहां उन्होंने छह गोल के साथ गोल्डन बूट हासिल करते हुए अपने देश को सेमीफाइनल में पहुंचाया था।

यूरो 2020 में उनके चार गोलों की बदौलत इंग्लैंड 1966 के बाद से अपने पहले बड़े फाइनल में जगह बनाई थी। 2022 विश्व कप में केन ने दो गोल किये और प्रमुख टूर्नामेंट में 12 गोलों के साथ इंग्लैंड के गैरी लाइनकर को पीछे छोड़ दिया। हालाँकि, केन ने अभी तक क्लब या देश के लिए कोई बड़ी ट्रॉफी नहीं जीती है।

सियासी मियार की रिपोर्ट