Sunday , September 22 2024

दक्षिण अफ्रीका : राष्ट्रपति ने गतिरोध दूर करने के लिए साझा आधार तलाशने का आग्रह किया.

दक्षिण अफ्रीका : राष्ट्रपति ने गतिरोध दूर करने के लिए साझा आधार तलाशने का आग्रह किया.

जोहानिसबर्ग, 03 जून । दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने रविवार को सभी राजनीतिक दलों से अपने मतभेदों को दूर कर देश में राष्ट्रीय गठबंधन की पहली सरकार बनाने के लिए ‘साझा आधार’ तलाशने का आह्वान किया।

दक्षिण अफ्रीका में रविवार को चुनाव के अंतिम नतीजों की घोषणा की गयी, जिसमें यह साफ हो गया कि किसी दल को बहुमत नहीं प्राप्त हुआ है। उसके बाद से ही अफ्रीका की सबसे उन्नत अर्थव्यवस्था के लिए आगे का रास्ता खोजने के लिहाज से गठबंधन बनाने की बातचीत शुरू हो गयी।

रामाफोसा की अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) शनिवार को हुई मतगणना में 50 फीसदी मत के आंकड़े को पार नहीं कर सकी। एएनसी पिछले 30 वर्ष से सत्ता के केंद्र में रही थी और बहुमत प्राप्त करती आ रही थी। एएनसी को पिछले सप्ताह हुई अंतिम मतगणना में करीब 40 फीसदी मत प्राप्त हुए। एएनसी चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर सामने आई है।

चुनाव में बहुमत नहीं प्राप्त होने के कारण देश में सरकार बनाने और रामाफोसा के दूसरी बार निर्वाचन के लिए अन्य दलों के साथ मिलकर गठबंधन बनाने की जरूरत आन पड़ी है।

अगर गठबंधन की सरकार बनती है तो देश में ऐसा पहली बार होगा।

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रीय चुनाव में संसद के लिए नेता चुने जाते हैं, जो बाद में राष्ट्रपति का चुनाव करते हैं। रामाफोसा ने कहा, ”हमारी जनता ने अपनी बात कह दी है। चाहे हम इसे पसंद करें या नहीं लेकिन उन्होंने जनादेश दे दिया है। हमने अपनी जनता की आवाज सुनी है और हमें उनकी पसंद और उनकी इच्छाओं का सम्मान करना चाहिए।”

उन्होंने कहा, ”दक्षिण अफ्रीका के लोग उम्मीद करते हैं कि उनके नेता उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए मिलकर काम करें। यह हम सभी के लिए दक्षिण अफ्रीका को सबसे पहले रखने का समय है।”

एएनसी नेल्सन मंडेला की पार्टी है, जिसने 1994 में दक्षिण अफ्रीका को श्वेत अल्पसंख्यक शासन की रंगभेद प्रणाली से मुक्त कराया था। तब से पार्टी चुनाव में बहुमत के साथ सत्ता में अपनी धाक जमाते हुए शासन करती आ रही थी।

इस चुनाव में पार्टी के जनाधार में भारी गिरावट देखी गई, जिसमें मतदाताओं ने व्यापक गरीबी और अधिक बेरोजगारी के मुद्दे को हल करने में विफल रहने के साथ-साथ 6.2 करोड़ की आबादी वाले देश में कई लोगों तक बुनियादी सरकारी सेवाओं की पहुंच में समस्या के कारण पार्टी के खिलाफ मतदान किया।

एएनसी ने रविवार को कहा कि वह सभी प्रमुख दलों के साथ बातचीत शुरू कर रही है। चुनाव में 50 से अधिक दलों ने हिस्सा लिया और कम से कम आठ दलों को जनता ने समर्थन दिया।

सियासी मियार की रीपोर्ट