ताइवान में तूफ़ान से 14 लोगों की मौत, 18 घायल…

ताइपे, 24 सितंबर (वेब वार्ता)। ताइवान में आए भीषण टाइफून रागासा ने भयंकर तबाही मचाई है। इस तूफान के कारण पूर्वी ताइवान के हुआलिएन काउंटी में एक झील के उफान पर आने से मंगलवार को कम से कम 14 लोगों की जान चली गई। लगातार भारी बारिश के बाद भूस्खलन से बनी इस झील के किनारे टूट गए, जिससे गुआंगफू बस्ती में भयावह बाढ़ आ गई।
बड़ी संख्या में लोग बेघर, कई ने छोड़ा इलाका
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, हुआलिएन काउंटी के 8,500 निवासियों में से लगभग 60% लोग अपने घरों की ऊपरी मंजिलों पर रहने को मजबूर हैं। शेष अधिकांश लोग अपने रिश्तेदारों के पास सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। बताया जा रहा है कि झील के उफान के दौरान लगभग 9 करोड़ टन पानी में से 6 करोड़ टन पानी बस्ती में फैल गया।
124 लोग अभी भी लापता
ताइवान की फायर सर्विस ने बुधवार को बताया कि टाइफून रागासा से हुआलिएन काउंटी सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, जहां 124 लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। गौरतलब है कि 2009 में आए मोराकोट तूफान ने दक्षिणी ताइवान में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें करीब 700 लोगों की मौत हुई थी और लगभग 3 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।
तूफान अब हांगकांग और दक्षिणी चीन की ओर बढ़ा
ताइवान के बाद अब सुपर टाइफून रागासा दक्षिणी चीन और हांगकांग की ओर बढ़ रहा है। हुआलिएन में ही करीब 70 सेमी (28 इंच) बारिश दर्ज की गई है। हांगकांग में स्थानीय लोग तूफान की तीव्रता बढ़ने से पहले 2 से 3 मीटर ऊंची समुद्री लहरें देखने के लिए जमा हुए। अधिकारियों ने एक बच्चे सहित तीन लोगों को समुद्र से सुरक्षित निकाला। रागासा की हवाओं की गति 195 किमी प्रति घंटा (120 मील प्रति घंटा) तक पहुंच रही है। ग्वांगडोंग के आपातकालीन प्रबंधन विभाग के अनुसार, प्रांत के 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है।
चीन में अलर्ट जारीफ
चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि रागासा तूफान बुधवार दोपहर से शाम तक ग्वांगडोंग के ताइशान और झानजियांग शहरों के बीच दस्तक दे सकता है। ग्वांगडोंग और पड़ोसी फुजियान प्रांत के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal