Wednesday , February 18 2026

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रतिबंधित रेड जोन में अवैध ड्रोन उड़ने से सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की गहन जांच, बढ़ाई गई चौकसी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रतिबंधित रेड जोन में अवैध ड्रोन उड़ने से सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की गहन जांच, बढ़ाई गई चौकसी

नोएडा, 18 फरवरी। एशिया के सबसे बड़े आगामी प्रोजेक्ट, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौती सामने आई है। केंद्र सरकार द्वारा ‘नो ड्रोन फ्लाई जोन’ घोषित किए जाने के बावजूद पिछले दो-तीन दिनों से एयरपोर्ट परिसर के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध ड्रोन देखे जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसी SIS के अधिकारी कृष्णकांत पांडेय ने इस संबंध में जेवर कोतवाली में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, ये ड्रोन रात के अंधेरे में रन्हेरा और कुरैब गांव की तरफ से आते हैं और झाझर रोड होते हुए रनवे के पास मंडराते देखे गए हैं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रेटर नोएडा के एडिसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है और दोषियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भेज दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं है। एयरपोर्ट के आसपास के गांवों और झाझर रोड पर गश्त तेज कर दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत काबू पाया जा सके।

प्राथमिक जांच में पुलिस का एक अनुमान यह भी है कि एयरपोर्ट से सटे गांवों में चल रहे शादियों के सीजन के कारण वीडियोग्राफी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ड्रोन अनजाने में नो-फ्लाई जोन में प्रवेश कर रहे होंगे। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इसे महज एक इत्तेफाक मानकर जोखिम नहीं लेना चाहती हैं। जेवर पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को सख्त चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का ड्रोन उड़ाना कानूनन अपराध है और पकड़े जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सियासी मियार की रीपोर्ट