सबरीमला गोल्ड स्कैम में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कोच्चि कार्यालय में अभिनेता जयराम से घंटों पूछताछ, मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी के साथ संबंधों की हो रही गहन जांच

एर्नाकुलम, 18 फरवरी। बहुचर्चित ‘सबरीमला गोल्ड स्कैम’ मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मलयालम फिल्मों के मशहूर अभिनेता जयराम को पूछताछ के लिए कोच्चि कार्यालय तलब किया। पिछले हफ्ते मिले नोटिस के बाद जयराम सोमवार को जांच अधिकारियों के सामने पेश हुए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे पिछले 50 वर्षों से सबरीमाला के भक्त रहे हैं और मंदिर में हुए किसी भी फ्रॉड को सामने लाना हर मलयाली का कर्तव्य है। जयराम ने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में सच सामने लाने के लिए जांच एजेंसी का पूरा सहयोग कर रहे हैं।
ईडी की जांच का मुख्य केंद्र अभिनेता जयराम और मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी के बीच के संबंधों का पता लगाना है। इससे पहले स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की पूछताछ में जयराम ने स्वीकार किया था कि पोट्टी उनके घर पूजा-पाठ के लिए आता था और वे पोट्टी के बुलावे पर कुछ मंदिर समारोहों में भी शामिल हुए थे। हालांकि, जयराम ने किसी भी तरह के वित्तीय लेन-देन या धोखाधड़ी की जानकारी होने से साफ इनकार किया है। ईडी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस घोटाले की रकम का कोई हिस्सा कहीं और निवेश किया गया था।
इसी मामले के सिलसिले में ईडी ने पूर्व प्रशासनिक अधिकारी मुरारी बाबू से भी करीब नौ घंटे तक कड़ी पूछताछ की। मुरारी बाबू डोरफ्रेम (कट्टिलापडी) केस में आरोपी हैं और उन पर मुख्य आरोपी पोट्टी को पैनल सौंपने की प्रक्रिया शुरू करने का आरोप है। जांच एजेंसी उन सभी गवाहों और आरोपियों के बयानों का मिलान कर रही है जिन्हें पहले जमानत मिल चुकी है। ईडी के सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता जयराम के बयानों के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ अन्य प्रभावशाली हस्तियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal