लिसा मिश्रा ने 2026 में संगीत और अभिनय के बीच संतुलन बनाने पर की बात, ‘कॉल मी बे 2’ की शूटिंग शुरू

मुंबई, 25 फरवरी। अभिनेत्री और गायिका लिसा मिश्रा वर्ष 2026 को ध्यान में रखते हु अपने करियर में संगीत और अभिनय दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहती हैं। मनोरंजन इंडस्ट्री अक्सर कलाकारों को एक ही पहचान तक सीमित कर देती है, लेकिन लिसा मिश्रा ने अलग रास्ता चुनने का फैसला किया है। वर्ष 2026 को ध्यान में रखते हुए लिसा अपने करियर में संगीत और अभिनय दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहती हैं। वह यह मानने को तैयार नहीं हैं कि उन्हें सिर्फ एक ही रास्ता चुनना चाहिए, जैसा कि इंडस्ट्री में अक्सर देखने को मिलता है।
फिलहाल ‘कॉल मी बे 2’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है और तय शेड्यूल के अनुसार आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही लिसा के नए म्यूज़िक प्रोजेक्ट्स पर भी काम चल रहा है और कई एक्टिंग प्रोजेक्ट्स भी पाइपलाइन में हैं। वह अपने करियर को एक ही दिशा में नहीं, बल्कि अपनी अलग-अलग प्रतिभाओं को तलाशने के अवसर के रूप में देखती हैं।
लिसा मिश्रा ने कहा, “संगीत ने मुझे अपनी भावनाओं को खुलकर महसूस करना सिखाया, जबकि अभिनय ने मुझे खामोशी की ताकत समझाई। जब मैंने सिंगर के रूप में शुरुआत की, तो मैंने अपनी आवाज़ और संगीत के ज़रिए बिना किसी रोक-टोक के खुद को व्यक्त करना सीखा। बाद में एक्टिंग ने मुझे ठहराव, चुप्पी और छोटे-छोटे पलों की अहमियत सिखाई। 2026 को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं, क्योंकि मैं दोनों क्षेत्रों में नए प्रयोग करना चाहती हूं। इस समय मैं म्यूज़िक और एक्टिंग दोनों पर साथ-साथ काम कर रही हूं और यही मुझे सबसे ज़्यादा उत्साहित करता है। मैं एक्टिंग के लिए म्यूज़िक को छोड़ना नहीं चाहती, और न ही म्यूज़िक के लिए एक्टिंग को।”
लिसा मिश्रा ने कहा, “लोग अक्सर आपको एक ही पहचान में बांध देना चाहते हैं। लेकिन मेरी रचनात्मकता ऐसी नहीं है। मैं लगातार सीख रही हूं और बदल रही हूं। प्रयोग करना ही मुझे एक सच्चा कलाकार बनाए रखता है। अब जब मैं एक्टिंग कर रही हूं, तो मैं इनमें से किसी एक को छोड़ना नहीं चाहती। मैं दोनों के साथ न्याय करना चाहती हूं और उन प्रोजेक्ट्स में आगे बढ़ना चाहती हूं जो मुझे सच में उत्साहित करते हैं। सच कहूं तो सिंगिंग और एक्टिंग, दोनों ही एक-दूसरे के लिए मुझे प्रेरित करते हैं। दर्शकों का मनोरंजन करना ही मेरा सबसे बड़ा लक्ष्य है – चाहे वह मंच पर हो या पर्दे पर – और इस साल भी मैं यही करने के लिए तैयार हूं।”
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal