अमेरिका की महिला फुटबॉल टीम ने मैत्री मैच में ब्राजील को 1-0 से हराया

फोर्टालेजा, 10 जून। ब्राजील की महिला टीम को अंतरराष्ट्रीय मैत्री महिला फुटबॉल मुकाबले में अमेरिका की टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ अमेरिका ने दो मैचों की सीरीज में बराबर कर ली। मंगलवार को खेले गये रोमांचक अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल मुकाबले में सोफिया विल्सन के दूसरे हाफ में किए गए हमले के बाद इसाबेला चागास के ‘ओन गोल’ (अपनी ही टीम के गोल में गेंद डालना) ने निर्णायक भूमिका निभाई और अमेरिका ने ब्राजील को 1-0 से हरा दिया। इस मैच में कुल आठ रेड कार्ड दिखाए गए।अमेरिका की इस जीत से ब्राजील में खेली जा रही दो मैचों की सीरीज में वह बराबरी पर आ गई है।
इससे पहले ब्राजील ने अमेरिका पर रविवार को 2-1 से जीत हासिल की थी; उस मैच में भी विल्सन ने गोल किया था। मैच की शुरुआत से ही खेल काफी आक्रामक रहा और यह तेजी दूसरे हाफ में भी बनी रही। मैच का एकमात्र गोल तब हुआ जब विल्सन का शॉट फुल-बैक चागास से टकराकर दिशा बदल गया और गोलकीपर लोरेना को चकमा देते हुए गोल में चला गया। यह घटना मैच शुरू होने के एक घंटे और तीन मिनट बाद हुई। मैच के आखिरी मिनटों में माहौल बेहद तनावपूर्ण रहा। ब्राजील के कोच आर्थर एलियास और उनके तीन स्टाफ सदस्यों के साथ-साथ चार खिलाड़ियों को रेड कार्ड दिखाए गए। इस तरह मैच का अंत काफी हंगामेदार रहा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal