अदाणी के दौरे के कांग्रेस के आरोपों के बीच भिलाई इस्पात संयंत्र ने बिक्री की खबरों को भ्रामक बताया

दुर्ग, सार्वजनिक क्षेत्र की स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की छत्तीसगढ़ स्थित इकाई भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) ने रविवार को उसे बेचने की योजना से जुड़ी खबरों को ‘झूठा और भ्रामक’ बताते हुए खारिज कर दिया। बीएसपी दुर्ग जिले के भिलाई शहर में स्थित है।
संयंत्र ने एक बयान में कहा कि इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते के जरिये इन दावों का खंडन किया है। प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने ‘फैक्ट चेक’ में इन खबरों को झूठा बताया।
संयंत्र ने अपने कर्मचारियों, संबंधित पक्षों और छत्तीसगढ़ के लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें प्रसारित करें। उसने लोगों से आधिकारिक और प्रमाणित स्रोतों पर भरोसा करने का आग्रह किया।
बयान में कहा गया, ‘‘बीएसपी केवल एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की पहचान, गौरव और औद्योगिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। स्थापना के बाद से ही इस संयंत्र ने रोजगार सृजित करने, सहायक उद्योगों को बढ़ावा देने और हजारों परिवारों की आजीविका में योगदान देने के जरिये राज्य के औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाई है।’’
बयान में कहा गया कि संयंत्र की विरासत और योगदान ने इसे छत्तीसगढ़ के लोगों के गौरव का प्रतीक बनाया है।
इसमें कहा गया कि सेल की प्रमुख इकाई के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र देश के इस्पात क्षेत्र की वृद्धि में योगदान देने और भारत की औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करने का काम जारी रखे हुए है।
बीएसपी ने लोगों से ऐसी भ्रामक सूचनाएं फैलाने से बचने का आग्रह किया, जिनसे कर्मचारियों, उनके परिवारों और छत्तीसगढ़ के लोगों के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा हो सकता है।
यह बयान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अदाणी संयंत्र का दौरा कर सकते हैं।
बघेल ने 14 अक्टूबर को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘यह जानकारी सामने आई है कि अदाणी भिलाई इस्पात संयंत्र-हमारे बीएसपी का दौरा करने वाले हैं। क्या आप अदाणी के बीएसपी दौरे के मायने समझते हैं? इसका मतलब है कि देश को बेचने की मुहिम चला रहे नरेन्द्र मोदी की नजर अब हमारे बीएसपी पर है और उनके पसंदीदा खरीदार संयंत्र का निरीक्षण करने आ रहे हैं।’’
बघेल ने आगे कहा, ‘‘मोदी जी को समझना चाहिए कि बीएसपी छत्तीसगढ़ की आत्मा है और हम, छत्तीसगढ़ के लोग, इसे किसी भी कीमत पर बिकने नहीं देंगे। किसी भी कीमत पर नहीं।’’
बघेल ने कहा था कि छत्तीसगढ़ भाजपा के नेताओं को भी समझना चाहिए कि बीएसपी बिक्री के लिए नहीं है।
इस बीच, कांग्रेस की भिलाई इकाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने रविवार को एक बयान में कहा कि संयंत्र के संभावित निजीकरण और अदाणी समूह के कथित दौरे से जुड़ी खबरों ने औद्योगिक शहर में नाराजगी पैदा कर दी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal