बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस के शेयर की बाजार में सपाट शुरुआत

नई दिल्ली, । बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस के शेयर ने शुक्रवार को शेयर बाजारों में सपाट शुरुआत की और यह अपने 586 रुपये के निर्गम मूल्य पर ही सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई तथा एनएसई दोनों पर शेयर ने 586 रुपये के निर्गम मूल्य पर कारोबार शुरू किया। बाद में दोनों शेयर बाजारों में यह 3.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 607 रुपये पर पहुंच गया।
सूचीबद्धता के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण एनएसई पर 10,917.86 करोड़ रुपये और बीएसई पर 10,775.92 करोड़ रुपये रहा।
बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस लिमिटेड के 2,533.80 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन 46.06 गुना अभिदान मिला था। निर्गम के लिए मूल्य दायरा 558-586 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।
बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस लिमिटेड ने पिछले सप्ताह बुधवार को बड़े (एंकर) निवेशकों से 759.26 करोड़ रुपये जुटाए थे।
आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। इसलिए कंपनी को इस निर्गम से कोई राशि नहीं मिलेगी।
इटली स्थित बोनफिग्लियोली एस.पी.ए. की भारतीय अनुषंगी कंपनी बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस यांत्रिक और इलेक्ट्रो-मेकेनिकल पावर ट्रांसमिशन उत्पादों तथा औद्योगिक ड्राइव समाधान का विनिर्माण करती है। इसके उत्पादों में गियरबॉक्स, गियर मोटर और ड्राइव सिस्टम शामिल हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal