हरियाणा ने जीता सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का खिताब..

राउरकेला,। गत चैंपियन हॉकी हरियाणा ने 13वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2023 का खिताब जीत लिया है। वहीं, हॉकी झारखंड दूसरे स्थान पर रहा। हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने विश्व स्तरीय बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में उत्तर प्रदेश हॉकी को हराकर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया। इस11-दिवसीय टूर्नामेंट में 28 टीमों ने हिस्सा लिया था।
रविवार शाम खेले गए खिताबी मुकाबले में हॉकी हरियाणा ने फाइनल में हॉकी झारखंड को 3-2 से हराकर ट्रॉफी जीती। हरियाणा की टीम टूर्नामेंट में अजेय रही। मैच में झारखंड के लिए संगीता कुमारी (7′) और अंकिता मिंज (27′) ने गोल किया, जबकि हरियाणा के लिए भाव्या (25′, 58′) ने दो और मीनाक्षी (36′) ने एक गोल किया।
इससे पहले दिन में, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने उत्तर प्रदेश हॉकी को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हरा कर तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों टीमें इस कड़े मुकाबले में तय समय तक 1-1 से बराबरी पर रहीं। उत्तर प्रदेश के लिए रश्मी रायकवार (6′) ने मैच का पहला गोल किया, हालांकि सोनाली एक्का (43′) ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर ओडिशा को 1-1 से बराबरी दिला दी।
पेनल्टी शूट आउट में ओडिशा के लिए कुल्लू ने पांच में से दो गोल बचाए और कप्तान तनुजा टोप्पो, बिनती मिंज, अमीषा एक्का और सोनाली एक्का ने गोल कर अपनी टीम को शूटआउट में 4-3 से जीत दिला दी।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal