यूरोपीय चैंपियनशिप में भारतीयों का शानदार प्रदर्शन, महरीन संयुक्त बढ़त पर..

एडिनबर्ग, 31 मई । भारतीय गोल्फरों ने 2023 यूएस किड्स गोल्फ यूरोपीय चैम्पियनशिप में शानदार शुरुआत की तथा स्कॉटिश गोल्फ कोर्स में चल रहे इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दौर के बाद भारत के नौ खिलाड़ी शीर्ष 10 में शामिल हैं।
महरीन भाटिया लड़कियों के 13-14 आयु वर्ग में संयुक्त बढ़त पर हैं। उन्होंने पहले दौर में तीन अंडर 69 का स्कोर बनाया। पांच अन्य भारतीय पहले दिन के बाद शीर्ष पांच में शामिल हैं।
पहले दिन अच्छा प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों में स्टार गोल्फर जीव मिल्खा सिंह के पुत्र हरजाई मिल्खा सिंह (लड़कों के अंडर 13 आयु वर्ग में) भी शामिल हैं। उन्होंने पहले दिन पार 72 का कार्ड खेला और वह संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।
लड़कों के अंडर 13 वर्ग में ही गुड़गांव के विहान जैन संयुक्त पांचवें और नोएडा के अर्शवंत श्रीवास्तव संयुक्त आठवें स्थान पर हैं।
लड़कों के अंडर 10 वर्ग में दिल्ली के विदित अग्रवाल संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। लड़कों के अंडर नौ वर्ग में बेंगलुरु के अदित वीरमाचनेनी चौथे स्थान पर जबकि लड़कों के अंडर सात वर्ग में निहाल चीमा संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं।
लड़कियों के अंडर 12 वर्ग में अनन्या सूद संयुक्त छठे जबकि लड़कियों के अंडर 11 वर्ग में नैना कपूर संयुक्त आठवें स्थान पर हैं।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal