भंसाली की फिल्म में पहली बार साथ नजर आएंगे करीना और धनुष

मुंबई,। बॉलीवुड फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली के बैनर से जुड़ी नई फिल्म में अभिनेत्री करीना कपूर के साथ अभिनेता धनुष मुख्य भूमिका में नजर आ सकते हैं। यह पहला अवसर होगा, जब करीना कपूर और धनुष किसी फिल्म में एक साथ पर्दे पर दिखाई देंगे। बताया जा रहा है कि यह फिल्म बड़े स्तर पर बनाई जाने वाली जंगल एडवेंचर और पौराणिक तत्वों से जुड़ी कहानी हो सकती है। हालांकि, फिल्म की पूरी कहानी और कलाकारों की आधिकारिक घोषणा अभी सामने नहीं आई है। इस बीच निर्देशक पी. एस. मिथ्रन ने अपने एक हालिया बातचीत के दौरान संकेत दिए हैं कि वह अपने आगामी प्रोजेक्ट में करीना कपूर और धनुष के साथ काम करने को लेकर चर्चा कर रहे हैं। पी. एस. मिथ्रन इन दिनों अपनी फिल्म ‘सरदार 2’ के प्रचार में व्यस्त हैं।
इसी दौरान उन्होंने बताया कि प्रस्तावित फिल्म को लेकर कलाकारों से बातचीत जारी है और फिलहाल तारीखों को अंतिम रूप दिए जाने का इंतजार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक नतीजा सामने आ सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म की पटकथा पर कई स्तरों पर बदलाव किए गए हैं और परियोजना अब प्री-प्रोडक्शन के चरण में है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार आगे बढ़ता है तो फिल्म की शूटिंग नवंबर 2026 के आसपास शुरू हो सकती है। हालांकि, निर्माता या कलाकारों की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, इसलिए अंतिम जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
करीना कपूर और संजय लीला भंसाली को लेकर पहले भी कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। अतीत में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि दोनों के बीच कुछ मतभेद रहे थे और करीना ने भंसाली की एक पूर्व फिल्म का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया था। ऐसे में यदि यह नया प्रोजेक्ट दोनों को साथ लाता है तो इसे एक दिलचस्प और महत्वपूर्ण सहयोग माना जाएगा। करीना कपूर इन दिनों चुनिंदा और अलग तरह की फिल्मों पर काम कर रही हैं। वह ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए भी कई प्रोजेक्ट्स में दिखाई दे चुकी हैं। उनके आगामी कार्यों में निर्देशक मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ शामिल बताई जा रही है। वहीं, धनुष दक्षिण भारतीय सिनेमा के साथ हिंदी फिल्मों में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal