जेटवर्क का शेयर पांच प्रतिशत चढ़कर सूचीबद्ध होने के बाद 11 प्रतिशत से अधिक टूटा

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस का शेयर अपने 151 रुपये के निर्गम मूल्य से पांच प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ शुक्रवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। हालांकि, बाद में बढ़त गंवाते हुए व्यापक बाजार में बिकवाली के बीच 11 प्रतिशत से अधिक टूटा।
एनएसई पर शेयर ने 159.25 रुपये पर कारोबार की शुरुआत की जो निर्गम मूल्य से 5.46 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, बाद में यह 11.50 प्रतिशत फिसलकर 133.64 रुपये पर आ गया।
बीएसई पर शेयर ने 5.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 159 रुपये पर कारोबार शुरू किया। बाद में यह 11.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 133 रुपये पर आ गया।
सूचीबद्धता के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण बीएसई पर 22,465.82 करोड़ रुपये और एनएसई पर 22,477.68 करोड़ रुपये रहा।
जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन 3.06 गुना अभिदान मिला था। निर्गम का मूल्य दायरा 143-151 रुपये प्रति शेयर था।
कंपनी ने बड़े (एंकर) निवेशकों से 2,251.23 करोड़ रुपये जुटाए थे। जेटवर्क की योजना नए शेयर जारी करने से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कंपनी और उसकी अनुषंगी कंपनियों का कर्ज चुकाने, अभी निर्धारित नहीं किए गए अधिग्रहणों के वित्तपोषण और सामान्य कारोबारी उद्देश्यों के लिए करने की है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal