भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी संयुक्त उद्यमों में बदलनी चाहिए : प्रधानमंत्री टस्क

बेंगलुरु, 23 अक्टूबर। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने शुक्रवार को कहा कि भारत और पोलैंड को पारंपरिक व्यापार से आगे बढ़कर प्रौद्योगिकी, कृत्रिम मेधा (एआई) और वैमानिकी क्षेत्र में सहयोग गहरा करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी संयुक्त उद्यमों (जेवी) में बदलनी चाहिए।
टस्क ने यहां ‘भारत-पोलैंड कारोबारी मंच’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अब इन घोषणाओं को संयुक्त उद्यमों में बदलने का समय आ गया है।’’
उन्होंने दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत करने और वैश्विक बाजारों तक उनकी पहुंच बनाने में मदद के लिए प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अधिक सहयोग का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री टस्क ने वैश्विक प्रौद्योगिकी एवं नवाचार केंद्र के रूप में बेंगलुरु की भूमिका को भी रेखांकित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह जगह (बेंगलुरु) दिखाती है कि लोगों, ज्ञान और उद्यमशीलता में निवेश किस तरह पूरी अर्थव्यवस्था की स्थिति बदल सकता है।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal