Saturday , August 29 2026

जन्मदिन पर मिले प्यार से भावुक हुईं आशा नेगी

जन्मदिन पर मिले प्यार से भावुक हुईं आशा नेगी

मुंबई, टीवी अभिनेत्री आशा नेगी ने अपने जन्मदिन पर फैंस, दोस्तों और करीबियों से मिले प्यार और शुभकामनाओं के लिए खास अंदाज में आभार जताया है। जन्मदिन के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह घर पर पूजा करती नजर आ रही हैं। तस्वीरों के साथ उन्होंने एक भावुक पोस्ट लिखकर बताया कि लोगों की शुभकामनाओं, फोन कॉल, संदेश, फूलों और छोटी-छोटी कोशिशों ने उनका जन्मदिन बेहद खास बना दिया। आशा ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें साझा करते हुए खुद को बेहद भाग्यशाली बताया। उन्होंने लिखा कि हर शुभकामना, संदेश, फोन कॉल, फूल और छोटी-छोटी कोशिशों के लिए वह दिल से शुक्रगुजार हैं, जिन्होंने उन्हें बहुत प्यार महसूस कराया।
अभिनेत्री ने कहा कि अपनी जिंदगी में इतने खूबसूरत लोगों को पाकर वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं। उन्होंने लोगों के प्यार, साथ बिताए पलों, हंसी-मजाक और शांत पलों के लिए भी आभार जताया। आशा ने कहा कि लोगों के प्यार ने उनके जन्मदिन को गर्मजोशी से भर दिया और इस दिन को इतना खास बना दिया कि वह इसे लंबे समय तक याद रखेंगी। अपने पोस्ट में अभिनेत्री ने उन प्रशंसकों का भी जिक्र किया, जो उनसे लाइव आने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह एक-दो दिन में अपने फैंस के लिए लाइव आएंगी। आशा ने कहा कि वह प्रशंसकों की कोशिशों को देख रही हैं और उनके प्यार की कद्र करती हैं। आशा नेगी टीवी जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में धारावाहिक ‘सपनों से भरे नैना’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में नजर आईं।
हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता एकता कपूर के चर्चित धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली। इसमें उन्होंने पूर्वी देशमुख का किरदार निभाया और वर्ष 2011 से 2014 तक शो का हिस्सा रहीं। इस दौरान उनकी और ऋत्विक धनजानी की जोड़ी भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई। वर्ष 2013 में आशा ने ऋत्विक धनजानी के साथ डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए 6’ में हिस्सा लिया और दोनों ने शो की ट्रॉफी जीती। इसके बाद वह ‘एक मुट्ठी आसमान’ और ‘कुछ तो है तेरे मेरे दरमियां’ जैसे धारावाहिकों में दिखाई दीं। उन्होंने ‘खतरों के खिलाड़ी 6’ में भी बतौर प्रतियोगी हिस्सा लिया। टीवी के बाद आशा ने वेब सीरीज और फिल्मों में भी काम किया। वर्ष 2019 में उन्होंने वेब सीरीज ‘बारिश’ में गौरवी करमाकर की भूमिका निभाई। इसके अलावा वह अनुराग बसु की फिल्म ‘लूडो’ और ‘कॉलर बम’ में भी नजर आ चुकी हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट