वीर पहाड़िया ने ‘अंडी बंडी’ की शूटिंग का मजेदार बीटीएस वीडियो किया साझा

मुंबई, 27 अगस्त । अभिनेता वीर पहाड़िया ने अपनी आगामी फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ के पहले गाने ‘अंडी बंडी’ की शूटिंग के दौरान के कुछ मजेदार बिहाइंड-द-सीन्स (बीटीएस) पल सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। वीडियो में फिल्म के कलाकारों और क्रू की जबरदस्त ऊर्जा और मस्ती देखने को मिल रही है।
वीर ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, “स्टेप्स की गिनती नहीं, मस्ती का हिसाब नहीं, अंडी बंडी।” वीडियो से साफ झलकता है कि गाने की शूटिंग के दौरान सेट का माहौल किसी जश्न से कम नहीं था और कलाकारों के साथ पूरी टीम ने जमकर मस्ती की।
गौरतलब है कि ‘अंडी बंडी’ कॉलेज की दोस्ती, हॉस्टल लाइफ और युवाओं के बेफिक्र पलों की ऊर्जा को दर्शाता है। हाई-एनर्जी इस गाने में वीर पहाड़िया के साथ निखिल विजय भी नजर आ रहे हैं। कुमाऊंनी लोकगीत से शुरू होने वाले इस गीत का संगीत शशि ने तैयार किया है और उन्होंने बृजेश शांडिल्य के साथ इसे अपनी आवाज भी दी है। वहीं, लिटिल भाटिया और मेजम्यूजिक ने इसमें रैप का तड़का लगाया है।
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ दोस्ती, प्यार, दिल टूटने और कॉलेज जीवन के उतार-चढ़ाव की कहानी है। फिल्म में अपारशक्ति खुराना, आफिया सैयद, राकेश बेदी और निखिल विजय भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म दो अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal