‘जो मेरी बीट पर नाचे…’ प्रेम कीटाणु के ‘अंडी बंडी’ ने डांस फ्लोर से इंस्टाग्राम तक बनाई जगह

मुंबई, 27 अगस्त। कुछ गाने ऐसे होते हैं, जिन्हें सुनते ही दोस्तों के साथ डांस करने और वीडियो बनाने का मन करने लगता है।फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ का पहला गाना ‘अंडी बंडी’ भी इसी अंदाज का है। मजेदार हुक, एनर्जी से भरपूर बीट और वीर पहाड़िया की मस्ती से सजा यह गाना सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
गाने की लाइन “जो मेरी बीट पर नाचे…” खास तौर पर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच लोकप्रिय हो रही है। आसान और मजेदार हुक की वजह से कई क्रिएटर्स इस पर डांस रील्स और वीडियो बना रहे हैं। गाना कॉलेज और हॉस्टल के दिनों की दोस्ती और बेफिक्र मस्ती की याद भी दिलाता है।
वीडियो में वीर पहाड़िया, निखिल विजय और उनकी गैंग जमकर मस्ती करते नजर आते हैं। गाने में दोस्तों के साथ बिताए बेपरवाह पलों, डांस और कॉलेज लाइफ की झलक देखने को मिलती है। सोशल मीडिया पर भी कई लोग इसे अपने कॉलेज और हॉस्टल के दिनों से जोड़ रहे हैं।
‘अंडी बंडी’ को शशि सुमन ने कंपोज किया है और उन्होंने बृजेश शांडिल्य के साथ मिलकर इसे गाया है। लिटिल भाटिया और मेजम्यूजिक्क ने रैप किया है, जबकि गाने के बोल संदीप सिंह सरदारा ने लिखे हैं। एनर्जेटिक बीट और मजेदार अंदाज वाला यह गाना कॉलेज पार्टी और दोस्तों के साथ मस्ती के मूड को पूरी तरह बयां करता है।
‘अंडी बंडी’, ‘प्रेम कीटाणु’ के म्यूजिक एल्बम की पहली झलक है। फिल्म के एल्बम में कुल सात गाने हैं, जिनमें सचेत टंडन, परंपरा टंडन, बी प्राक, अरमान मलिक, पापोन, जुबिन नौटियाल, मधुर शर्मा, अल्तमश फरीदी, शशि सुमन और बृजेश शांडिल्य जैसे गायक शामिल हैं। रैपर्स लिटिल भाटिया और मेजम्यूजिक्क भी एल्बम का हिस्सा हैं।
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ का निर्माण अवनिका फिल्म्स के तहत गौरव वर्मा ने किया है। फिल्म को फर्स फिल्म्स के साथ मिलकर भावना स्टूडियोज के सहयोग से प्रस्तुत किया गया है। इसमें वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
फिल्म की कहानी युवाओं की दोस्ती, पहले प्यार, एकतरफा प्यार और बड़े होने के दौरान सामने आने वाले दिल टूटने जैसे अनुभवों के इर्द-गिर्द घूमती है। ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ और ‘एस्पिरेंट्स’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए पहचाने जाने वाले अपूर्व सिंह कार्की इस बार हल्की-फुल्की और युवा कहानी लेकर आ रहे हैं। वहीं, वीर पहाड़िया के लिए ‘अंडी बंडी’ डांस और कॉमेडी से भरपूर अंदाज पेश करने का मौका है।
‘प्रेम कीटाणु’ 02 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘अंडी बंडी’ का म्यूजिक वीडियो ज़ी म्यूजिक कंपनी के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal