कृष्ण जन्माष्टमी पर ‘कृष्ण अवतारम’ ट्रिलॉजी के वैश्विक सफर का ऐलान

मुंबई, 07 सितंबर । कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर और क्रिएटिवलैंड स्टूडियोज के निर्माता डॉ. साजन राज कुरुप ने ‘कृष्ण अवतारम’ ट्रिलॉजी को वैश्विक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की घोषणा की है।इस अवसर पर वर्ल्ड फोरम फॉर आर्ट एंड कल्चर और क्रिएटिवलैंड स्टूडियोज के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सहयोग का उद्देश्य भगवान कृष्ण की जीवन लीला और उनके दिव्य संदेश को सिनेमा, संगीत, कला, लाइव अनुभवों, गेम्स, शिक्षा और अन्य इमर्सिव माध्यमों के जरिए दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाना है।
‘कृष्णावतारम: पार्ट 1 – हृदयम’ ट्रिलॉजी की पहली कड़ी है। भारत में दर्शकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब फिल्म को वैश्विक स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है। यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु और अंग्रेजी भाषाओं में भारतीय प्रवासियों सहित दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाई जाएगी।
गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर ने कहा, “कृष्ण का मतलब है सबसे आकर्षक आत्मा। यह वही दिव्यता है जो सबसे ज्यादा आकर्षित करती है; वह ऊर्जा जो हर चीज को अपनी ओर खींचती है। जब आपको यह एहसास होता है कि आपका जीवन और यह पूरा संसार बस एक लीला है, तब आपके भीतर कृष्ण का जन्म होता है।”
निर्माता डॉ. साजन राज कुरुप ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के आशीर्वाद से ‘कृष्ण अवतारम’ को भारतीय संस्कृति और विरासत को दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम बनाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य इस परियोजना को सिनेमा, कला और भारतीय विरासत का उत्सव मनाने वाले वैश्विक सांस्कृतिक आंदोलन के रूप में विकसित करना है।
‘कृष्णावतारम: पार्ट 1 – हृदयम’ का वैश्विक सफर भारतीय संस्कृति की इस महागाथा को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में पहला कदम माना जा रहा है। परियोजना को केवल फिल्म तक सीमित न रखकर एक व्यापक सांस्कृतिक आंदोलन के रूप में विकसित करने की योजना है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal