Monday , September 7 2026

एमसीएक्स पर सोना और चांदी दोनों फिसले

एमसीएक्स पर सोना और चांदी दोनों फिसले

नई दिल्ली, 07 सितंबर सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर कीमती धातुओं में सुस्ती देखने को मिली, जहां सुबह के सत्र में सोना 0.30% गिरकर 1,52,315 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 0.33% टूटकर 2,36,885 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। जानकारों के मुताबिक, अमेरिका में अगस्त महीने के दौरान रोजगार के आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहने और बेरोजगारी दर 4.1% पर स्थिर बने रहने के कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाएं तेज हो गई हैं, जिसका सीधा असर वैश्विक और घरेलू बुलियन बाजार पर पड़ा है।
डॉलर इंडेक्स में मजबूती और ट्रेजरी ईल्ड में तेजी से बढ़ी निवेशकों की चिंता

अमेरिकी ट्रेजरी ईल्ड में उछाल और डॉलर इंडेक्स के मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना फ्यूचर्स 0.75% की गिरावट के साथ 4,436.49 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर पहुंच गया है। एलपीएल फाइनेंशियल के मुख्य अर्थशास्त्री जेफरी रोच का कहना है कि मजबूत पेरोल रिपोर्ट के बाद आगामी 16 सितंबर को होने वाली एफओएमसी (FOMC) बैठक में ब्याज दरों को लेकर सख्त कदम उठाए जाने का दबाव बढ़ गया है, जिससे निवेशकों का रुझान फिलहाल सुरक्षित निवेश की अन्य परिसंपत्तियों की ओर शिफ्ट हो रहा है।
इस सप्ताह जारी होने वाले अमेरिकी सीपीआई और पीपीआई महंगाई आंकड़ों पर टिकी नजरें

कमोडिटी बाजार के विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की चाल पूरी तरह से इस सप्ताह जारी होने वाले अमेरिकी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) और प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI) के आंकड़ों पर निर्भर करेगी। अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच ये ताजा महंगाई आंकड़े तय करेंगे कि फेडरल रिजर्व की भावी मौद्रिक नीति क्या होगी और कीमती धातुओं में आगे कितनी गिरावट या सुधार देखने को मिल सकता है।

सियासी मियार की रीपोर्ट