ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स का आईपीओ 26 अक्टूबर को खुलेगा,मूल्य दायरा 1585-1665 रुपये प्रति शेयर

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज की इकाई ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड ने अपने 1,200 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 1,585-1,665 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। ऊपरी मूल्य स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन 10,765 करोड़ रुपये बैठता है।
बुधवार को जारी सार्वजनिक घोषणा के अनुसार, कंपनी का सार्वजनिक निर्गम 26 अक्टूबर को अभिदान के लिए खुलेगा और 28 अक्टूबर को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 23 अक्टूबर को बोली लगा सकेंगे।
यह आईपीओ पूरी तरह एडलवाइस समूह की बिक्री पेशकश (ओएफएस) है। इसमें नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। इसलिए सार्वजनिक निर्गम से कंपनी को कोई राशि नहीं मिलेगी और पूरी रकम शेयर बेचने वाले शेयरधारकों को जाएगी।
कंपनी का शेयर दो नवंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।
वर्ष 2008 में स्थापित ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स एक वैकल्पिक निवेश मंच है, जिसे दीर्घकालिक पूंजी के प्रबंधन में 15 साल से अधिक का अनुभव है।
आईपीओ की संरचना के अनुसार, कंपनी ने निर्गम का 50 प्रतिशत हिस्सा पात्र संस्थागत निवेशकों (क्यूआईबी), 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) और 35 प्रतिशत खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित रखा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal