अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो जामनगर पहुंचे, रिलायंस की रिफाइनरी का करेंगे दौरा

जामनगर (गुजरात), 21 अक्टूबर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बुधवार को गुजरात के जामनगर शहर पहुंचे।
वह यहां मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की तेल रिफाइनरी का दौरा करेंगे। एक दिन पहले ही उन्होंने भारत को कच्चे तेल के शोधन के मामले में ‘महाशक्ति’ बताया था।
रुबियो भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। इस दौरान उनका उद्देश्य ऊर्जा, व्यापार एवं निवेश, रक्षा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाना है। इसके अलावा, वह पश्चिम एशिया संकट पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
इस यात्रा पर रुबियो जामनगर स्थित रिफाइनरी जाएंगे। भारत की तेल शोधन क्षमता पर उनकी टिप्पणियों और देश में वेनेजुएला के कच्चे तेल का अधिक प्रसंस्करण करने की उनकी अपील के संदर्भ में यह दौरा महत्वपूर्ण है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की वेबसाइट के अनुसार, जामनगर रिफाइनरी दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी है। इसकी कच्चे तेल के प्रसंस्करण की क्षमता प्रतिदिन 14 लाख बैरल (एमएमबीपीडी) है और इसका जटिलता सूचकांक 21.1 है जो दुनिया में सबसे अधिक है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मंगलवार को मुंबई पहुंचे थे। वहां विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न मुद्दों पर उनके साथ व्यापक बातचीत की थी।
बैठक से पहले रुबियो ने भारत को कच्चे तेल के शोधन के मामले में ‘महाशक्ति’ बताया था और भारत में वेनेजुएला के कच्चे तेल का अधिक प्रसंस्करण करने की वकालत की थी।
उन्होंने भारत से अमेरिका के साथ ऊर्जा व्यापार बढ़ाने और अमेरिकी प्रौद्योगिकियों तथा रक्षा प्रणालियों की खरीद में वृद्धि करने का भी आग्रह किया था।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal